दो भारतीय गिरफ्तार, पुलिस का दावा- एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर, जिसे आतंकी हमले के लिए भेजा गया

पाकिस्तान के अधिकारियों ने सोमवार को दो भारतीयों को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इन भारतीयों पर अवैध तरीके से पाकिस्तान में प्रवेश करने का आरोप है। गिरफ्तार किए गए भारतीय प्रशांत (मध्यप्रदेश) और दारीलाल (तेलंगाना) हैं।


जियो न्यूज के मुताबिक, दोनों भारतीय नागरिकों को पंजाब प्रांत के बहावलपुर में गिरफ्तार किया गया। इनके पास कोई भी दस्तावेज नहीं थे। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार किया गया एक भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताया जा रहा है। पुलिस का दावा कि उसे पाकिस्तान में आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए भेजा गया था।


अगस्त में भी भारतीय जासूस को गिरफ्तार करने का दावा किया था
इसी साल अगस्त में पंजाब प्रांत की पुलिस ने दावा किया था कि उन्होंने एक भारतीय जासूस को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति को डेरा गाजी खान कस्बे से गिरफ्तारी के बाद खुफिया एजेंसियों को सौंप दिया गया था। इसकी पहचान राजू लक्ष्मण के तौर पर की गई थी। उसे उस वक्त गिरफ्तार किया गया था, जब वह बलूचिस्तान प्रांत से पाकिस्तान में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था।


पाकिस्तान जाधव की भी बलूचिस्तान से गिरफ्तारी का दावा करता है
जहां से राजू लक्ष्मण को गिरफ्तार किया गया, उसी बलूचिस्तान प्रांत से पाकिस्तान कुलभूषण जाधव की गिरफ्तारी का दावा करता है। जाधव (49) रिटायर्ड नेवी अफसर हैं, जिन्हें पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने जासूसी और आतंकवाद के आरोप में मौत की सजा सुनाई थी। कोर्ट द्वारा अप्रैल 2017 में सजा सुनाए जाने के बाद भारत इस मामले के अंतरराष्ट्रीय अदालत (आईसीजे) ले गया था। अंतरराष्ट्रीय अदालत ने कुलभूषण की मौत की सजा पर रोक लगा दी थी और बाद में पाकिस्तान को निर्देश दिए थे कि कुलभूषण को कॉन्स्युलर एक्सेस दी जाए।